किसान कांग्रेस का हल्ला बोल: मैहर SDM को सौंपा 7 सूत्रीय ज्ञापन, चेतावनी—समाधान नहीं तो होगा आंदोलन

मैहर, सतना | संवाददाता: अनिल कुशवाहा

जिला किसान कांग्रेस कमेटी, मैहर ने किसानों और आम जनता की ज्वलंत समस्याओं को लेकर आज जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदेशाध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह के दिशा-निर्देशन में और जिला किसान कांग्रेस अध्यक्ष पुष्पराज सिंह बघेल के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और किसानों ने मैहर एसडीएम को कलेक्टर के नाम 7 सूत्रीय ज्ञापन सौंपा।

प्रदर्शन में जिला कांग्रेस अध्यक्ष धर्मेश घई, अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।

ज्ञापन में उठाए गए प्रमुख मुद्दे:

1. खाद संकट: यूरिया और डीएपी की भारी कमी के चलते किसान परेशान हैं। टोकन व्यवस्था अव्यवस्थित है, जिससे किसानों को घंटों कतार में खड़ा रहना पड़ रहा है।

2. बिजली समस्याएं: गांवों में जले हुए ट्रांसफॉर्मर बदले नहीं जा रहे हैं। वहीं स्मार्ट मीटर के जरिए बिजली कंपनियों द्वारा मनमानी वसूली की जा रही है।

3. भूमि घोटाला: हरिजन एवं आदिवासी वर्ग की जमीनों की धोखाधड़ी से हो रही खरीद-फरोख्त पर रोक लगाने और जांच कराने की मांग की गई है।

4. झूठे मुकदमे: कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर झूठे केस थोपने का आरोप। विशेष रूप से शिक्षक शिवराज सिंह पर दर्ज केस को निरस्त करने की मांग की गई।

5. सीवर लाइन और नालियां: सड़कें खोदे जाने से आम जनता का आवागमन बाधित हो गया है। सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई है।

6. प्रशासनिक लापरवाही: ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं की भारी कमी और जिम्मेदार अधिकारियों की निष्क्रियता पर सवाल उठाए गए।

7. जल्द समाधान की चेतावनी: किसान कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन ने समय रहते समस्याओं का समाधान नहीं किया, तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।

प्रशासन के लिए बढ़ीं मुश्किलें

ज्ञापन सौंपने के बाद जिला किसान कांग्रेस अध्यक्ष पुष्पराज सिंह बघेल ने कहा, “किसानों और आम जनता की समस्याएं लंबे समय से अनदेखी की जा रही हैं। यदि प्रशासन अब भी नहीं जागा, तो किसान कांग्रेस सड़क पर उतरकर संघर्ष तेज करेगी।”

किसान कांग्रेस की इस सख्त चेतावनी से प्रशासन की चिंता बढ़ना तय माना जा रहा है।

| किसान हित में उठी आवाज |

जल्द समाधान की उम्मीद या आंदोलन की आहट?

पहले शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *